Edition

महासमुंद मे कांग्रेसियों ने तोड़े पुलिस के बैरिकेड्स, भाजपा सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला फूंका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महासमुंद मे कांग्रेसियों ने तोड़े पुलिस के बैरिकेड्स, भाजपा सरकार के खिलाफ फूटा गुस्सा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला फूंका

 

महासमुंद, 17 जून 2026: प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के दिशा-निर्देश पर आज जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद ने बिजली विभाग की लचर व्यवस्था, बिजली दरों में की गई बेतहाशा वृद्धि और जनता की मर्जी के खिलाफ जबरन स्मार्ट मीटर थोपने के विरोध में विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय का ऐतिहासिक व उग्र घेराव किया। इस विशाल जनांदोलन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष व खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव ने किया।

 

पुलिस के बैरिकेड्स तोड़े, कार्यालय में घुसे कांग्रेसी

 

कांग्रेस के इस बड़े प्रदर्शन को रोकने के लिए प्रशासन ने बिजली विभाग के मुख्य गेट पर मजबूत बैरिकेडिंग की थी और भारी पुलिस बल तैनात किया था। जैसे ही कांग्रेसियों का हुजूम गगनभेदी नारों के साथ आगे बढ़ा, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जबरदस्त झूमाझटकी हुई। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के सारे इंतजामों को ध्वस्त करते हुए बैरिकेड्स को उखाड़ फेंका और बिजली विभाग कार्यालय के अंदर घुसकर उग्र प्रदर्शन किया।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन

 

जनता पर लगातार बिजली दर बढ़ाकर आर्थिक बोझ डालने वाली भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेसियों का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखा। कार्यकर्ताओं ने बिजली कार्यालय परिसर के सामने ही प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। पुतला दहन को रोकने के लिए भी पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई मगर कांग्रेसी पुतला दहन करने में सफल रहे।

 

जनता की जेब पर डकैती डाल रही सरकार: द्वारकाधीश यादव

 

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा:

 

• अंधाधुंध आर्थिक बोझ: भाजपा सरकार लगातार बिजली की दरों में बढ़ोतरी कर आम जनता, गरीबों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ रही है। पूंजीपतियों की सरकार‌ मे आम जनता और किसान‌ बेहाल है।

 

• स्मार्ट मीटर के नाम पर महाघोटाला: आम जनता, गरीबों और मध्यम वर्ग की सहमति के बिना उनके घरों में तानाशाही पूर्वक जबरन प्रीपेड स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं। यह सिर्फ एक तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि जनता की जेब पर सीधे तौर पर डाका डालने का एक बड़ा खेल है। सरकार को स्मार्ट मीटर तत्काल वापस लेना होगा।

 

• आर्थिक शोषण बंद करे सरकार: एक तरफ बिजली दरें बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ ‘हाफ बिजली बिल योजना’ को बंद कर छत्तीसगढ़ के नागरिकों का हक छीना जा रहा है। कांग्रेस पार्टी सरकार की इस तानाशाही को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

 

अमरजीत चावला का सरकार पर तीखा हमला: “जनता की जेब पर डाका डाल रही भाजपा”

 

घेराव प्रदर्शन के दौरान उपस्थित जनसैलाब और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अमरजीत चावला ने बेहद आक्रामक रुख अपनाया। अपने ओजस्वी और तीखे उद्बोधन में उन्होंने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा:

 

• जल, जंगल, जमीन हमारा मगर मुनाफा केवल अडानी को: उन्होंने कहा की जल, जंगल, जमीन और कोयला जैसे प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय जनता का हक है। साथ ही, उन्होंने बिजली उत्पादन से होने वाले मुनाफे को उद्योगपति अदानी (Adani Group) को सौंपने और आम जनता को सिर्फ महंगाई की मार झेलने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।

 

• अघोषित आपातकाल जैसे हालात: आज पूरे प्रदेश में बिजली विभाग अघोषित कटौती का अड्डा बन चुका है। जनता भीषण गर्मी में तड़प रही है और सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है।

 

उग्र आंदोलन की चेतावनी

 

प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता (EE) को मुख्यमंत्री व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि बढ़े हुए बिजली दाम तुरंत वापस लिए जाएं और जबरन स्मार्ट मीटर लगाना बंद किया जाए।

विधायक द्वारकाधीश यादव ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी तानाशाही नीतियां वापस नहीं लीं, तो आने वाले समय में पूरे महासमुंद जिले में उग्र आंदोलन किये जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रशासन की होगी। उक्त घेराव कार्यक्रम मे संचालन खिलावन बघेल ने तथा आभार प्रदर्शन शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने किया।

इस उग्र प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव पूर्व प्रदेश प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, जिला कोषाध्यक्ष सेवालाल चंद्राकर, जिला प्रभारी महामंत्री (संगठन) लक्ष्मण पटेल, जिला प्रभारी महामंत्री (प्रशासन) हरदेव ढिल्लों, शहर मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, शहर महामंत्री निर्मल जैन, जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, जिला महामंत्री गणेश शर्मा, जिला महामंत्री विजय बंजारे, जिला महामंत्री सोमेश दवे, लखबीर छाबड़ा, देवनाथ साहु, निखिलकांत साहू नपा अध्यक्ष, जसबीर ढिल्लों, ढेलू निषाद, ममता चंद्राकर, दुर्गा सागर, देवेश शर्मा, ताम्रध्वज बघेल, तुलसी साहू, डॉ एजाज नकवी, खोम सिन्हा, तबरेज खान, सोनम रामटेके, नितेंद्र बैनर्जी, अमर चंद्राकर, हार्दिक सोना, गौरव चंद्राकर, हर्षित चंद्राकर, शाहबाज रजवानी, अनुराग चंद्राकर, गिरीश पटेल, राजेश सिन्हा, खोमेश साहू, मंता यादव, भोलेनाथ गंधर्व, राजू यादव, अशोक अग्रवाल, मनोहर ठाकुर, गोविंद साहू, राजू साहू, लोकेश मांझी, रमन ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, हरिशंकर यादव, फूल सिंह ध्रुव सहित सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।

विज्ञापन
Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!