Edition

जिस प्रकार बीमा एजेंट मरने के फायदे बताते हैं वैसे ही भाजपाई स्मार्ट मीटर के फायदे बता रहे हैं।– डॉ. रश्मि चंद्राकर

जिस प्रकार बीमा एजेंट मरने के फायदे बताते हैं वैसे ही भाजपाई स्मार्ट मीटर के फायदे बता रहे हैं।– डॉ. रश्मि चंद्राकर

महासमुंद। जिला कांग्रेस महासमुंद की पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के नेता स्मार्ट मीटर के फायदे गिनाने में इतने व्यस्त हैं कि उन्हें जनता की वास्तविक परेशानियां दिखाई ही नहीं दे रहीं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बीमा एजेंट भविष्य के लाभ गिनाकर पॉलिसी बेचते हैं, उसी प्रकार भाजपा के नेता स्मार्ट मीटर के कथित फायदे बताकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन गांवों और शहरों से मिल रही शिकायतें इस प्रचार की सच्चाई पर सवाल खड़े कर रही हैं।

लोग बिजली बिलों और बिजली व्यवस्था को लेकर परेशान हैं। डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा कि सरकार को इन शिकायतों को गंभीरता से सुनना चाहिए और उनका समाधान करना चाहिए।

डॉ रश्मि चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का पूरा ध्यान जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय अपनी योजनाओं का प्रचार करने पर है। आज किसान महंगी बिजली से परेशान हैं, छोटे व्यापारी बढ़ते खर्चों से जूझ रहे हैं और मध्यमवर्गीय परिवार हर महीने बढ़ते घरेलू खर्चों के बीच बिजली बिल को लेकर चिंता में हैं। ऐसे समय में सरकार जनता की राहत के बजाय केवल उपलब्धियां गिनाने में लगी हुई है।

 

डॉ. रश्मी चंद्राकर ने कहा कि भाजपा के विधायक और सांसद चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन आज महासमुंद जिले की जनता सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। सरकार यदि वास्तव में जनता के हित में काम कर रही है तो स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों से जुड़ी शिकायतों पर सार्वजनिक सुनवाई कराए तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का निष्पक्ष समाधान करे।

डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी तकनीक का विरोध नहीं करती, लेकिन ऐसी किसी भी व्यवस्था का विरोध अवश्य करेगी जिससे आम उपभोक्ता पर आर्थिक बोझ बढ़े या लोगों में असंतोष उत्पन्न हो। सरकार का दायित्व है कि वह जनता का विश्वास जीते, न कि केवल प्रचार के माध्यम से अपनी योजनाओं का बचाव करे।

 

डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद विधानसभा की जनता अब केवल भाषण और विज्ञापन नहीं, बल्कि राहत और जवाबदेही चाहती है। भाजपा सरकार को प्रचार की राजनीति छोड़कर महंगाई, बिजली और आम नागरिकों की समस्याओं पर ठोस निर्णय लेने चाहिए। यदि जनता की आवाज़ को लगातार अनसुना किया गया तो कांग्रेस पार्टी महासमुंद विधानसभा में जनहित के मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन चलाने से पीछे नहीं हटेगी।

विज्ञापन
Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!