
पिथौरा/महासमुंद:
कहा जाता है कि ‘रक्तदान महादान’ है, और इस बात को चरितार्थ कर दिखाया है नगर पंचायत पिथौरा के एक कर्मठ सफाई मित्र भाई आनंद कलेत जी ने। उनकी तत्परता और सेवा भावना के कारण आज एक परिवार की खुशियाँ लौटने की उम्मीद जगी है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिथौरा वार्ड क्रमांक 12 के निवासी उमेंद्र ठाकुर जी की स्थिति गंभीर थी और उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। जैसे ही यह सूचना नगर पंचायत के सफाई मित्र आनंद कलेत को मिली, उन्होंने अपनी ड्यूटी और समय की परवाह न करते हुए तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया।
अस्पताल पहुँचकर किया रक्तदान
आनंद कलेत तत्काल जिला अस्पताल महासमुंद पहुँचे और अपना ‘O Positive’ (O+) रक्त डोनेट किया। उनके इस सराहनीय कदम की पूरे नगर में चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि सफाई मित्र न केवल शहर को स्वच्छ रखने का काम कर रहे हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर लोगों की रगों में जीवन बनकर भी दौड़ रहे हैं।
जरूरतमंदों के लिए संदेश:
आनंद कलेत जी का ब्लड ग्रुप O Positive (O+) है। उन्होंने संदेश दिया है कि यदि भविष्य में भी किसी गंभीर मरीज को खून की आवश्यकता पड़ती है, तो वे निस्वार्थ भाव से मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।











