
पिथौरा। नगर में इन दिनों प्रसिद्ध शहीद भगत सिंह खेल मैदान खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां पीसीएल नाइट टूर्नामेंट 2026 पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। रात के समय खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों की टीमों की भागीदारी से खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैदान में हर शाम दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है और पूरा वातावरण खेलमय हो गया है।
रविवार को आयोजित मैच के उद्घाटन अवसर पर सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा, वरिष्ठ पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनमोहन जैन एवं युवा व्यवसायी नीरज अग्रवाल अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का आयोजकों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया, जिसके बाद खिलाड़ियों से परिचय का क्रम चला। परिचय उपरांत अतिथियों ने टॉस कर मैच का विधिवत शुभारंभ किया।
मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि पिथौरा नगर खेल के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। लगातार हो रहे ऐसे आयोजन इस बात का प्रमाण हैं कि यहां के युवाओं में खेल के प्रति गहरी रुचि, प्रतिभा और समर्पण मौजूद है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम है, जो उन्हें शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक संतुलन, अनुशासन और टीम भावना भी सिखाता है।
वरिष्ठ पार्षद मन्नूलाल ठाकुर ने कहा कि पिथौरा अब खेल हब के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करते है।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनमोहन जैन ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की ओर अग्रसर होते हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि व्यापारिक वर्ग सदैव खिलाड़ियों और आयोजनों के सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।
टूर्नामेंट के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक एवं युवा मैदान में उपस्थित होकर मैचों का आनंद ले रहे है। आयोजन समिति के अनुसार इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना और नगर में खेल संस्कृति को मजबूत करना है।
नगर में लगातार हो रहे इस प्रकार के आयोजनों से स्पष्ट है कि पिथौरा में खेलों के प्रति जागरूकता और जुनून तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले समय में यहां से अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी उभरकर बड़े स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे, ऐसी उम्मीद जताई जा रही है।











