
बसना (महासमुंद): महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की लोकप्रिय सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी दिल्ली में आयोजित लोकसभा सत्र की व्यस्तताओं के बाद अपने गृह निवास (बसना) लौट आई हैं। उनके आगमन की सूचना मिलते ही सुबह से ही उनके निवास पर विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों का उत्साहपूर्ण जमावड़ा देखा गया।
सांसद का निवास आज ‘जन-संवाद’ का मुख्य केंद्र बना रहा। इस दौरान श्रीमती चौधरी ने बड़ी संख्या में उपस्थित आमजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए सभी का कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर सांसद महोदय ने भावुक होते हुए कहा, “कार्यकर्ताओं का अटूट विश्वास, असीम स्नेह और समर्पण ही मेरी वास्तविक शक्ति है। यही ऊर्जा मुझे जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।”
विभिन्न संगठनों ने जताया आभार
सांसद से भेंट करने वालों में पिरदा, बसना, छुईपाली, गढ़फुलझर और बागबाहरा (ग्रामीण) मंडल की कार्यकारिणी सहित युवा मोर्चा, किसान मोर्चा जिला कार्यकारिणी और पतेरापाली सरायपाली किसान संघ के सदस्य प्रमुख रूप से शामिल रहे। साथ ही नगर पंचायत बसना के पार्षदगण, ध्रुव समाज (तेंदुकोना-बागबाहरा), बुद्धिस्ट समाज (धमतरी) और गायत्री परिवार (सेमरा-धमतरी) के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
श्रीराम मंदिर निर्माण समिति ने किया विशेष सम्मान
एक विशेष कार्यक्रम में श्री राम मंदिर निर्माण समिति (ठाकुरदिया-पिथौरा) के पदाधिकारियों ने सांसद रूपकुमारी चौधरी का अभिनंदन किया। मंदिर निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम में उनके बहुमूल्य सहयोग और समय प्रदान करने के लिए समिति ने उन्हें प्रभु श्रीराम जी का तैल चित्र, शाल और श्रीफल भेंट कर अपना आभार प्रकट किया।
इस गरिमामयी अवसर पर प्रभु श्रीरामचन्द्र सनातन चेतना संस्थान समिति के संरक्षक प्यारेलाल नायक, अध्यक्ष अजय नायक, उपाध्यक्ष दिगम्बर पटेल, टीकाराम सिक्या, संयुक्त सचिव शंकरलाल पटेल, हेमसागर रौतीया सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।











