
पिथौरा। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के तत्वावधान में पिथौरा में अंडर-16 जिला स्तरीय ट्रायल मैच का आयोजन किया गया। इस ट्रायल में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य उभरते खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें राज्य स्तर पर खेलने का अवसर प्रदान करना रहा। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं फील्डिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर पिथौरा क्रिकेट एकेडमी (PCA) के संयोजक मनमीत छाबड़ा, कोच राजेश चौधरी एवं वरिष्ठ खिलाड़ी मयंक शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान संयोजक मनमीत छाबड़ा ने कहा कि ऐसे ट्रायल मैच ग्रामीण एवं छोटे क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से अनुशासन, समर्पण एवं टीम भावना का विकास होता है, जो युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
वहीं कोच राजेश चौधरी ने कहा कि निरंतर अभ्यास, सही मार्गदर्शन एवं अनुशासन के साथ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं और भविष्य में उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते है।
आयोजन से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिला है तथा युवा खिलाड़ियों में क्रिकेट के प्रति विशेष उत्साह देखा जा रहा है। चयनित खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।











