
पिथौरा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित 10वीं के परीक्षा परिणामों में पिथौरा के प्रतिभावान छात्र नवनीत सिंह आजमानी ने अपनी मेधा का परिचय देते हुए 95 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं। इस गौरवशाली उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी की लहर है, बल्कि पूरे नगर का नाम भी रोशन हुआ है।
सेंट फ्रांसिस स्कूल के छात्र नवनीत, क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसायी गुरदीप सिंह आजमानी के पुत्र और स्वर्गीय सेवा सिंह आजमानी के पौत्र हैं। उनकी इस सफलता ने आजमानी परिवार सहित पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने का है लक्ष्य
अपनी सफलता पर चर्चा करते हुए नवनीत ने बताया कि वह भविष्य में एक कुशल सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का पूरा श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन और माता-पिता के निरंतर सहयोग को दिया है। नवनीत का संकल्प है कि वे आगामी 12वीं की परीक्षा में इससे भी बेहतर प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
उनकी इस विशेष उपलब्धि पर नगर के गणमान्य नागरिकों, इष्ट मित्रों और रिश्तेदारों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है।










