Edition

सियासी धमाका: राघव चड्ढा समेत ‘आप’ के 7 सांसदों का भाजपा में विलय, सीएम साय ने कहा- सबका विश्वास मोदी पर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायपुर/नई दिल्ली |

आम आदमी पार्टी (AAP) को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी से इस्तीफा देने और भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने का ऐतिहासिक ऐलान कर दिया है। चड्ढा के साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल समेत कुल सात सांसदों ने ‘आप’ छोड़कर भाजपा में विलय का फैसला किया है।

संविधान के प्रावधानों के तहत विलय

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राघव चड्ढा ने स्पष्ट किया कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्य (10 में से 7) भारतीय संविधान के नियमों का पालन करते हुए भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इस सूची में राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, स्वाति मालिवाल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी के नाम शामिल हैं।

भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ छोड़ा साथ

भावुक होते हुए राघव चड्ढा ने कहा, “जिस पार्टी को मैंने 15 साल खून-पसीने से सींचा, वह अब अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है। अब यह दल राष्ट्रहित के बजाय निजी स्वार्थों के लिए काम कर रहा है। मुझे काफी समय से महसूस हो रहा था कि मैं एक गलत पार्टी में सही व्यक्ति हूँ।” उन्होंने आगे कहा कि जो पार्टी भ्रष्टाचार मिटाने आई थी, वह आज खुद भ्रष्टाचार के दलदल में फंसी है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया स्वागत

इस बड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी और विश्वसनीय पार्टी है। सीएम साय ने कहा:

“भाजपा के पास सही नीति और नियत दोनों है। आज देश का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए पर लगातार बढ़ रहा है। ‘आप’ के सांसद भी भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर आ रहे हैं, हम उनका हृदय से स्वागत करते हैं।”

सुरक्षा हटने और पद से हटाए जाने के बाद बढ़ी तल्खी गौरतलब है कि बीते 2 अप्रैल को राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया गया था, जिसके बाद पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा भी वापस ले ली थी। हालांकि, बाद में केंद्र सरकार ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की। इन घटनाओं को पहले ही चड्ढा और पार्टी आलाकमान के बीच बढ़ती दूरियों के संकेत के रूप में देखा जा रहा था।

pithorawale
Author: pithorawale

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Leave a Comment

विज्ञापन

और पढ़ें