पिथौरा। संस्कार शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित 40 दिवसीय नि:शुल्क मल्टी टैलेंट समर क्लासेस का समापन 3 मई को एक गरिमामयी समारोह के साथ होने जा रहा है। गुरु तेग बहादुर धर्मशाला में सुबह 11:00 बजे आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल होंगे। उनकी उपस्थिति में समर कैंप के प्रतिभावान बच्चों और क्षेत्र की अन्य उत्कृष्ट प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक गायिका सुश्री पायल साहू होंगी, जो बच्चों का उत्साहवर्धन करने और उन्हें कला के क्षेत्र में प्रेरित करने के लिए विशेष रूप से शिरकत करेंगी। संस्थान की डायरेक्टर सीमा गौरव चंद्राकर ने बताया कि गायन और अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पायल साहू को ‘संस्कार उत्कृष्ट सम्मान’ से विभूषित भी किया जाएगा।
हुनर का प्रदर्शन और सीधा प्रसारण
शिविर के दौरान बच्चों ने जिन विभिन्न विधाओं और कलाओं का प्रशिक्षण लिया है, उनकी शानदार प्रस्तुति इस समापन अवसर पर दी जाएगी। बच्चों के उत्साह को देखते हुए संस्थान ने इस पूरे कार्यक्रम का ‘संस्कार यूट्यूब चैनल’ पर सीधा प्रसारण करने का निर्णय लिया है, ताकि क्षेत्र के लोग घर बैठे बच्चों की प्रतिभा देख सकें। वर्तमान में संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए अंतिम तैयारियों में जुटे हैं।



















