सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल चेक पोस्ट पर की कार्रवाई, कार की पिछली सीट में बने गुप्त चैंबर और पीठ्ठू बैग में छिपाकर ले जाया जा रहा था 7.5 किलो सोना
महासमुंद जिले में अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एनएच-353 स्थित रेहटीखोल नाका में चेकिंग के दौरान एक वोक्सवैगन वरटस कार से करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। मामले में गुजरात के तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देश पर जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दिनांक 17 मई 2026 को सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल नाका में उड़ीसा की ओर से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान उड़ीसा की तरफ से आ रही वोक्सवैगन वरटस कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर तलाशी ली गई। कार में तीन युवक सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम जयेश अकबरी पिता मनसुख भाई उम्र 32 वर्ष निवासी राजकोट (गुजरात) बताया। वहीं अन्य दो युवकों ने अपना नाम सुनीत कारेना पिता अश्विन भाई कारेना उम्र 22 वर्ष तथा रूशी अग्रावत पिता महेश भाई अग्रावत उम्र 26 वर्ष निवासी राजकोट (गुजरात) बताया।
पुलिस को जांच के दौरान कार के भीतर संदिग्ध गतिविधि दिखाई दी। जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो कार की पिछली सीट में विशेष रूप से गुप्त चैंबर बनाया गया था। इसी चैंबर में दो पीठ्ठू बैग रखे हुए थे, जिनके अंदर छह प्लास्टिक बॉक्स में बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण छिपाकर रखे गए थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण बरामद किए, जिनका कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों व्यक्तियों से सोने के आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। इसके लिए धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस भी दिया गया, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए सोने के आभूषण एवं परिवहन में प्रयुक्त वोक्सवैगन कार को जप्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जप्त की गई वोक्सवैगन कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। इस तरह सोने के आभूषण और वाहन सहित कुल जप्त संपत्ति की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये बताई गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग एवं राजस्व सूचना निदेशालय छत्तीसगढ़ को भी सूचित कर दिया है। अब संबंधित एजेंसियां यह जांच करेंगी कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना कहां से लाया जा रहा था और इसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।
🔸 जप्त संपत्ति का विवरण:
▪️ सोने के विभिन्न आभूषण – वजन 7512.488 ग्राम, कीमत 9,17,84,220 रुपये।
▪️ वोक्सवैगन वरटस कार – कीमत 10,00,000 रुपये।
🟥 कुल जप्त संपत्ति – 9,27,84,220 रुपये।





















