Edition

सरायपाली की बेटी फैमिदा तबस्सुम ने 15,300 फीट ऊंचाई पर किया सफल पर्वतारोहण क्षेत्र और जिले का बढ़ाया मान, विधायक चातुरी नंद ने दी बधाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सरायपाली की बेटी फैमिदा तबस्सुम ने 15,300 फीट ऊंचाई पर किया सफल पर्वतारोहण

 

क्षेत्र और जिले का बढ़ाया मान, विधायक चातुरी नंद ने दी बधाई

 

महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड की होनहार बेटी एवं एडवांस रेंजर लीडर सुश्री फैमिदा तबस्सुम ने हिमालय की दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण पर्वत श्रृंखलाओं में 15,300 फीट की ऊंचाई तक सफल पर्वतारोहण कर सरायपाली विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे महासमुंद जिले और छत्तीसगढ़ प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने कहा कि सरायपाली की बेटी फैमिदा तबस्सुम ने कठिन परिस्थितियों में अपने साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देकर यह सिद्ध किया है कि क्षेत्र की बेटियां हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने का सामर्थ्य रखती हैं।

गौरतलब है कि वार्ड क्रमांक 11 बाजारपारा सरायपाली निवासी सुश्री फैमिदा तबस्सुम, पिता श्री शेख शमसुद्दीन ने Atal Bihari Vajpayee Institute of Mountaineering and Allied Sports में आयोजित बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स का सफल प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण 1 मई 2026 से 28 मई 2026 तक आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने 13 मई को हिमालय की कठिन चढ़ाई प्रारंभ की तथा 26 मई 2026 को 15,300 फीट की ऊंचाई तक सफल ट्रैक एवं पर्वतारोहण पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।फैमिदा तबस्सुम लंबे समय से स्काउटिंग एवं साहसिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने पंचमढ़ी स्थित राष्ट्रीय साहसिक एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त किया है तथा कई बार इन्वाइटेड स्टाफ के रूप में अपनी सेवाएं भी दी हैं। इसके अतिरिक्त राजस्थान, तमिलनाडु, लखनऊ और बालोद सहित देशभर के विभिन्न राष्ट्रीय जंबूरी कैंपों में The Bharat Scouts and Guides के राज्य मुख्यालय नई दिल्ली द्वारा इन्वाइटेड स्टाफ के रूप में चयनित होकर अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।इसके साथ ही भारत, बांग्लादेश एवं श्रीलंका के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिविर में भी उन्होंने सक्रिय सहभागिता निभाई है। उनकी उपलब्धियां आज क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं। विधायक चातुरी नंद ने कहा कि फैमिदा तबस्सुम की यह उपलब्धि पूरे सरायपाली क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास ने क्षेत्रवासियों को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कामना की कि फैमिदा आगे भी इसी प्रकार सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते हुए सरायपाली और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।

क्षेत्रवासियों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। फैमिदा तबस्सुम की यह सफलता महिला सशक्तिकरण, साहस और आत्मविश्वास की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है।

विज्ञापन

 

Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन
विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!