बिजली बिल भुगतान समाधान योजना में बदलाव : अब सिर्फ पांच फीसदी पंजीयन शुल्क ही करना होगा जमा
रायपुर। प्रदेश के करीब नौ लाख उपभोक्ताओं के बकाया बिल का निराकरण करने के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री बिजली बिल बकाया भुगतान समाधान योजना चल रही है। इसमें अब तक करीब साढ़े सात लाख उपभोक्ताओं के बकाया बिजली बिल का समाधान हो गया है। इसके लिए पहले दस फीसदी पंजीयन शुल्क जमा करना जरूरी रखा गया था, लेकिन अब इसको कम करके पांच फीसदी कर दिया गया है। ऐसा करने के पीछे का कारण यह है कि सभी उपभोक्ताओं के बिजली बिल बकाया का समाधान हो सके। पंजीयन शुल्क से ही छत्तीसगढ़ राज्य पॉवर कंपनी को 60 करोड़ मिल चुके हैं। योजना 30 जून तक चलेगी। प्रदेश में बिजली के आम उपभोक्ताओं पर ही तीन हजार करोड़ से ज्यादा का बकाया है। इसमें से 31 मार्च 2023 के पहले के उपभोक्ताओं पर डेढ़ हजार करोड़ से ज्यादा का बकाया है। ऐसे उपभोक्ताओं के लिए ही प्रदेश सरकार ने समाधान योजना का प्रारंभ किया है। इनका पूरा सरचार्ज माफ किया गया है। सरचार्ज की राशि ही 758 करोड़ है। इसमें से अब तक छह सौ करोड़ का सरचार्ज माफ हो चुका है।समाधान योजना का लाभ उठाने में अंबिकापुर पहले नंबर पर है। यहां के रीजन में 306171 उपभोक्ता बकायेदार हैं। इसमें ने पौने तीन लाख ने पंजीयन करा लिया है। इनसे पंजीयन के रूप में 21 करोड़ से ज्यादा मिले हैं। इसके बाद बिलासपुर का नंबर है। इस रीजन में 224635 उपभोक्ता बकायेदार हैं। इनमें से करीब पौने दो लाख ने पंजीयन कराया है। इनसे करीब 12 करोड़ मिले हैं। तीसरे नंबर पर रायपुर है। यहां पर एक लाख 17 हजार बकायेदार हैं। इनमें से एक लाख ने पंजीयन करा लिया है। इनसे 9 करोड़ मिले हैं। इसी तरह से अन्य रीजन में भी बकायेदारों ने पंजीयन कराया है। इसके लिए इनको बकाया राशि का दस फीसदी पंजीयन शुल्क के रूप में देना पड़ा है। लेकिन इसको पांच फीसदी कर दिया गया है।
एपीएल को दस फीसदी छूट
सामान्य वर्ग के उपभोक्ताओं को बकाया पर मूल राशि में दस फीसदी की छूट उस स्थिति में मिलेगी जब वे सारा बकाया एक साथ जमा करेंगे। अगर तीन किस्तों में बकाया किया जाएगा तो पांच फीसदी की छूट मिलेगी। छह किस्तों में बकाया जमा करने की भी सुविधा मिलेगी, लेकिन इसमें कोई छूट नहीं मिलेगी।
कम किया पंजीयन शुल्क
वितरण कंपनी के एमडी भीम सिंह कंवर ने बताया कि, सभी उपभोक्ताओं के बकाया बिजली बिल का समाधान हो सके इसलिए अब पंजीयन शुल्क को दस फीसदी से कम करके पांच फीसदी कर दिया गया है।
बीपीएल के लिए बड़ी छूट
योजना में बीपीएल वर्ग के उपभोक्ताओं को डबल राहत दी गई है। पहली राहत तो जिन उपभोक्ताओं का कनेक्शन 31 मार्च 2023 के पहले कट हो गया है उनको सरचार्ज में पूरी छूट के साथ ही मूल राशि में भी 75 फीसदी की छूट दी जा रही है। इसी के साथ जिन भी बीपीएल वर्ग के उपभोक्ताओं का कनेक्शन सक्रिय है, पर उन पर हजारों या फिर लाखों का बकाया है उनको भी इस योजना में राहत दी गई है। ऐसे उपभोक्ता जिन पर बकाया राशि पांच साल से ज्यादा समय से बाकी है, उसको मूल राशि में भी 75 फीसदी की छूट दी गई है। इसी के साथ जिन का बकाया एक से पांच साल के बीच है, उनको मूल राशि में 50 फीसदी छूट दी गई ।






















