सिरको में गूंजा हरि नाम, अष्टप्रहरी कीर्तन का भक्तिमय समापन
बसना/ ग्राम सिरको में चल रहे अष्टप्रहरी नामयज्ञ कीर्तन का भक्ति और उल्लास के साथ समापन हो गया। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र की नामी कीर्तन मंडलियों ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में रेमडा, धरमपुर, केना, सिरको, खुरसीपहर और कटेल की कीर्तन मंडलियों को आमंत्रित किया गया था। सभी दलों ने एक से बढ़कर एक भजन और संकीर्तन प्रस्तुत किए। हरिनाम की धुन पर झूमते श्रद्धालु देर रात तक पंडाल में डटे रहे। पूरे आयोजन के दौरान गांव में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण नामयज्ञ में शामिल हुए और आध्यात्मिक आनंद लिया। समापन पर सभी कीर्तन मंडलियों और श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। आयोजन समिति ने सभी अतिथि दलों का सम्मान किया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर व्यवस्था संभाली। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है। समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।





















