सरायपाली उप पंजीयक कार्यालय में चोरी का प्रयास, दरवाजे-आलमारी के ताले टूटे
सरायपाली/ स्थानीय उप पंजीयक कार्यालय में अज्ञात बदमाश ने तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी। चोरी की नीयत से घुसे आरोपी ने मुख्य दरवाजे समेत तीन आलमारियों के ताले तोड़ दिए। हालांकि दस्तावेज और कंप्यूटर सिस्टम को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।सब-रजिस्ट्रार आतिश देवांगन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 10 जून को शाम 6 बजे रोज की तरह काम खत्म कर स्टाफ कार्यालय बंद कर घर चला गया था। 11 जून की सुबह 7 बजे उन्हें खबर मिली कि रात में किसी ने कार्यालय का मुख्य दरवाजा और उप पंजीयक कक्ष का ताला तोड़ दिया। अंदर घुसकर तीन आलमारियों के ताले भी तोड़ दिए गए। आरोपी ने दफ्तर की खाली कैश पेटी उठाकर छत पर फेंक दी। जांच में पाया गया कि कार्यालय के सभी दस्तावेज और कंप्यूटर सिस्टम सुरक्षित हैं। उनसे कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। पुलिस ने सब-रजिस्ट्रार की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4), 62 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





















