Edition

सरायपाली-सरसीवां मार्ग पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढों से लोग परेशान

सरायपाली-सरसीवां मार्ग पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढों से लोग परेशान

सरायपाली। सरायपाली-सरसीवां मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
शहर के मध्य अम्बेडकर चौक से पतेरापाली के साथ-साथ सागरपाली, लंबर, बालसी के पास गड्ढों की वजह से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

सरायपाली से सरसीवां मार्ग हमेशा से ही चर्चा का विषय रहा है। विगत कई वर्षों से यह मार्ग लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। शिकायत मिलने पर मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति कर दी जाती है और कुछ ही दिनों में स्थिति पुनः जस-की-तस हो जाती है। बरसात शुरू होते ही मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बन गए हैं।

दुपहिया वाहन चालकों के लिए सबसे अधिक खतरा बना रहता है। इसके अलावा चार पहिया वाहन भी हिचकोले खाते हुए गुजरते हैं। इस मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे अन्य वाहन चालकों को खतरे के साये में इस मार्ग से गुजरना पड़ता है।

शहर के मुख्य मार्ग से पतेरापाली एचपी गैस कार्यालय तक स्थिति सबसे अधिक खराब है। सड़क की मरम्मत किए अभी कुछ ही माह बीते हैं और पहली बारिश ने ही इसकी गुणवत्ता की पोल खोल कर रख दी है।
केवल शहर ही नहीं, इस मार्ग पर स्थित ग्राम बालसी, सागरपाली, लंबर के पास भी सड़क पर बहुत अधिक गड्ढे बन गए हैं। अनूपा जमदहा मोड़ से दुगपाली मोड़ तक सड़क किनारे लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई नाली अब परेशानी का कारण बन गई है। नाली का पानी सड़क और बहने से मार्ग पर लगातार पानी जमा हो रहा है।

बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।

राहगीरों और क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क का शीघ्र निरीक्षण कर गड्ढों की मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा नाली के पानी को सड़क पर बहने से रोकने की मांग की है।

विज्ञापन

 

Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!