
जगदलपुर| रायपुर, 30 मार्च 2026: बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर स्थित धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में सोमवार से ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का शानदार आगाज हुआ। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय आयोजन के पहले ही दिन जनजातीय एथलीटों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। विशेष रूप से 5000 मीटर की दौड़ स्पर्धा आकर्षण का केंद्र रही, जहां खिलाड़ियों ने जीत के लिए अपना पूरा दमखम लगा दिया। प्रतियोगिता के दौरान 110 मीटर बाधा दौड़ और 400 मीटर दौड़ के शुरुआती राउंड भी संपन्न हुए।
ट्रैक पर महाराष्ट्र का दबदबा:
पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र के एथलीटों ने अपना परचम लहराया। महाराष्ट्र के गोविंद प्रकाश पाड़ेकर ने 15:11.35 के बेहतरीन समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, उनके साथी खिलाड़ी सूरज जयराम माशी ने 15:11.64 का समय निकालकर रजत पदक जीता, जिससे महाराष्ट्र को प्रतियोगिता की पहली दोहरी सफलता मिली। मध्य प्रदेश के रंगलाल दोदियार 15:22.48 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक हासिल किया।
महिला वर्ग में अरुणाचल की चमक:
महिलाओं की 5000 मीटर स्पर्धा में पूर्वोत्तर की प्रतिभा का जादू देखने को मिला। अरुणाचल प्रदेश की नेदी नगी ने 18:24.66 की रफ्तार से दौड़ पूरी कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। कड़ी चुनौती पेश करते हुए मध्य प्रदेश की आरती डावर ने 18:19.28 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि नागालैंड की टी सूचोई टी ने 18:35.68 का समय निकालकर कांस्य पदक अपनी झोली में डाला।
पदक तालिका का हाल:
पहले दिन की खेल स्पर्धाओं के बाद पदक तालिका में महाराष्ट्र एक स्वर्ण और एक रजत के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। अरुणाचल प्रदेश एक स्वर्ण पदक के साथ दूसरे पायदान पर है। वहीं, मध्य प्रदेश एक रजत और एक कांस्य जीतकर तीसरे और नागालैंड एक कांस्य पदक के साथ चौथे स्थान पर है। आने वाले तीन दिनों में बस्तर के इस मैदान पर जनजातीय युवा अपनी प्रतिभा के और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।











