
पिथौरा (महासमुंद): आस्था और भक्ति के संगम के साथ स्थानीय कृषि उपज मंडी प्रांगण स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में ‘हनुमान जन्मोत्सव’ का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर केसरी नंदन के जयकारों से गूंज उठा। धार्मिक अनुष्ठान आचार्य पं. गिरीश पाण्डेय जी द्वारा किया गया।
दिव्य श्रृंगार और अनुष्ठान
उत्सव का शुभारंभ प्रातः काल हनुमान जी के विशेष अभिषेक और मनोहारी श्रृंगार के साथ हुआ। मंगल आरती के पश्चात दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम 5 बजे आचार्य गिरीश पाण्डेय जी के नेतृत्व में हनुमान जी का पुनः दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसके बाद भव्य हवन-पूजन का आयोजन हुआ। मंत्रोच्चार और आहुतियों के साथ वातावरण भक्तिमय हो गया। इस विशेष पूजा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पुण्य के भागी बने।
विशाल आम भंडारा
धार्मिक कार्यक्रमों की कड़ी में शाम 7 बजे से ‘आम भंडारा’ का श्रीगणेश हुआ। आचार्य जी की देखरेख में आयोजित यह भंडारा देर रात तक अनवरत चलता रहा। गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों के अंतराल के बाद इस बार भक्तों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने संकट मोचन के दर्शन किए और कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की।
इस सफल आयोजन के लिए कृषि उपज मंडी के समस्त भक्तगण, कर्मचारी और व्यापारी संघ ने आचार्य जी एवं आगंतुक भक्तों का आभार व्यक्त किया है।











