
महासमुंद (पिथौरा):
स्थानीय प्रतिभा विद्यालय में आयोजित ‘संस्कार मल्टी टैलेंट क्लासेस’ के दौरान विद्यार्थियों को भविष्य का जिम्मेदार नागरिक बनाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। संस्कार शिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित इस समर कैंप में पिथौरा थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने अपनी टीम के साथ शिरकत की और बच्चों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और वर्तमान समय की बड़ी चुनौती ‘साइबर अपराध’ के प्रति जागरूक किया।
यातायात नियमों का पालन है जीवन की सुरक्षा
संस्थान की डायरेक्टर सीमा गौरव चंद्राकर के मार्गदर्शन में चल रहे इस कैंप में थाना प्रभारी ने छात्रों और पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करना केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन बचाने का माध्यम है। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि दुपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठें और शराब पीकर या तेज रफ्तार में गाड़ी कभी न चलाएं।
21 अप्रैल को होगी चित्रकला प्रतियोगिता
विद्यार्थियों में यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए थाना प्रभारी ने 21 अप्रैल को एक विशेष चित्रकला प्रतियोगिता की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता का विषय ‘ट्रैफिक नियम और सड़क सुरक्षा’ रहेगा। यह आयोजन केवल कैंप के बच्चों तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के अन्य स्कूली छात्र भी इसमें भाग ले सकते हैं। शानदार प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
सत्र के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को इंटरनेट के दौर में होने वाले साइबर फ्रॉड के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि कैसे अपनी व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखकर और अनजान लिंक से दूर रहकर ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है।
इस अवसर पर प्रधान आरक्षक शोभाराम ध्रुव, राधेश्याम पटेल, डांस कोरियोग्राफर पिंटू बेहरा, राजा बाबू उपाध्याय सहित संस्थान के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।











