
पिथौरा। अक्सर बच्चे किताबों में ग्रहों और नक्षत्रों के बारे में पढ़ते हैं, लेकिन अब उन्हें इन खगोलीय पिंडों को साक्षात देखने का अवसर मिलने वाला है। बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि जगाने और उनकी जिज्ञासाओं को शांत करने के लिए संस्कार शिक्षण संस्थान और छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के संयुक्त तत्वावधान में प्रतिभा विद्यालय में चल रहे समर कैंप के दौरान 21 अप्रैल को एक दिवसीय ‘एस्ट्रोनॉमी वर्कशॉप व नाइट कैंप’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
विशेषज्ञ सुलझाएंगे अंतरिक्ष के अनसुलझे सवाल
समर कैंप की डायरेक्टर सीमा गौरव चंद्राकर ने बताया कि यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक स्थानीय प्रतिभा विद्यालय में आयोजित होगा। इस आयोजन में सेजेस बसना के एस्ट्रोनॉमी विशेषज्ञ अजय कुमार भोई, छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा रायपुर के स्टेट सेक्रेटरी डॉ. यशवंत सोना, राज्य प्रेस सचिव हेमंत खूंटे और इंजीनियर सचिन प्रधान मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में हाई-टेक टेलिस्कोप के माध्यम से चंद्रमा, शनि, बृहस्पति और विभिन्न नक्षत्रों को प्रत्यक्ष दिखाकर उनके बारे में रोचक वैज्ञानिक जानकारियां साझा की जाएंगी।
सम्मान समारोह और विविध प्रतियोगिताएं
केवल आकाश दर्शन ही नहीं, बल्कि इस आयोजन में विज्ञान मेला, अंधविश्वास के खिलाफ जन चेतना अभियान, यातायात सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर चित्रकला प्रतियोगिता भी रखी गई है। साथ ही, जिले में विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने वाले नवाचारी शिक्षकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सभी नगरवासियों, स्कूली और कॉलेज के छात्रों के लिए पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।











