Edition

पटेवा के निजी स्कूल पर गंभीर आरोप, फीस वसूली और दस्तावेज रोकने की शिकायत से मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटेवा के निजी स्कूल पर गंभीर आरोप, फीस वसूली और दस्तावेज रोकने की शिकायत से मचा हड़कंप

महासमुंद। जिले के पटेवा स्थित श्रद्धा पब्लिक स्कूल एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। एक अभिभावक ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ अतिरिक्त फीस वसूली, दुर्व्यवहार तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है।

शिकायतकर्ता लोकेश कुमार साहू ने अपने आवेदन में बताया है कि उनका पुत्र एकलव्य कुमार साहू तथा भतीजी हिमांशी साहू स्कूल में कक्षा पहली के छात्र-छात्रा हैं। उनका कहना है कि दोनों बच्चों की निर्धारित फीस समय पर जमा कर दी गई थी और भुगतान की रसीदें भी उनके पास सुरक्षित हैं। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन द्वारा अतिरिक्त राशि की मांग की जा रही है।

अभिभावक ने आरोप लगाया कि जब वे फीस संबंधी जानकारी और हिसाब मांगने स्कूल पहुंचे तो उन्हें संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ा। उनका दावा है कि प्रबंधन की ओर से यह तक कहा गया कि मांगी गई राशि जमा नहीं करने पर बच्चों के आवश्यक दस्तावेज रोक लिए जाएंगे।

लोकेश कुमार साहू का कहना है कि इस प्रकार का रवैया बच्चों के शिक्षा अधिकारों के विपरीत है और इससे विद्यार्थियों व उनके परिवारों पर मानसिक दबाव बनता है।

शिकायत में स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी कई सवाल उठाए गए हैं। आवेदन के अनुसार पिछले शैक्षणिक सत्र में कई महीनों तक कक्षाओं में ब्लैकबोर्ड की व्यवस्था नहीं थी। पालक बैठकों का आयोजन भी सीमित संख्या में किया गया, जबकि नियमित बैठकें अपेक्षित थीं।

बस सुविधा को लेकर भी नाराजगी जताई गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार छोटे बच्चों को सुबह जल्दी घर से निकलना पड़ता है और देर शाम तक वापस लौटना पड़ता है। इसके अलावा आवश्यक परिस्थितियों में भी बच्चों को अवकाश देने में अनावश्यक कठिनाई पैदा किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि योग्य शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अभिभावक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही यह भी आग्रह किया है कि जांच प्रक्रिया के दौरान बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

यह मामला जिले के निजी स्कूलों में फीस, सुविधाओं और अभिभावकों की शिकायतों से जुड़े मुद्दों को एक बार फिर चर्चा में ले आया है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों की नजर अब शिक्षा विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

सूत्रों के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मामले की जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही जांच दल द्वारा स्कूल का निरीक्षण किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

 

pithorawale
Author: pithorawale

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Leave a Comment

विज्ञापन

और पढ़ें