Edition

बसना के गधाभाठा में चोरों का तांडव: खेतों से गायब हो रहे बोर मोटर और केबल, आर्थिक नुकसान से जूझ रहे किसान

बसना के गधाभाठा में चोरों का तांडव: खेतों से गायब हो रहे बोर मोटर और केबल, आर्थिक नुकसान से जूझ रहे किसान

बसना:

बसना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गधाभाठा में इन दिनों चोरों के हौसले बुलंद हैं, जिससे स्थानीय किसानों में भारी खौफ का माहौल है। शातिर चोर देर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों को निशाना बना रहे हैं। चोरों का यह गिरोह ट्यूबवेल और बोरवेल के पाइपों को क्षतिग्रस्त कर उनके भीतर लगे कीमती कॉपर केबल, समर्सिबल पंप और अन्य उपकरण चोरी कर रफूचक्कर हो रहा है।

मध्यरात्रि के बाद सक्रिय होता है गिरोह

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, चोरों का यह गिरोह रात 12 बजे के बाद सक्रिय होता है। ये लोग सुनसान खेतों में घुसकर बोर के पाइपों को बेरहमी से तोड़ते हैं और जमीन के नीचे से मोटर व केबल खींचकर निकाल लेते हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से क्षेत्र के अन्नदाता बेहद डरे हुए हैं और उन्हें अपनी फसलों की चिंता सता रही है।

किसान को हुआ भारी नुकसान, खेती पर संकट

गधाभाठा के रहने वाले पीड़ित किसान नित्यानंद प्रधान ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि धान की फसल की कटाई पूरी होने के बाद वे धनिया की बुवाई की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच चोरों ने उनके खेत में धावा बोलकर बोरवेल के 13 पाइप तोड़ दिए और समर्सिबल मोटर व केबल चुरा ले गए। इस वारदात से उन्हें हजारों रुपये की आर्थिक चपत लगी है और पानी की व्यवस्था न होने के कारण वे खेती करने से भी लाचार हो गए हैं।

डर के मारे घर में मोटर छुपाने को मजबूर किसान

यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि गांव में ऐसी चोरियां लगातार हो रही हैं। इस वजह से किसानों में इस बात का डर बैठ गया है कि अगली बार किसका नंबर आएगा। चोरों के इसी खौफ के कारण अब कई किसान खेतों से अपनी कीमती मोटर और समर्सिबल पंप निकालकर घरों में सुरक्षित रखने को मजबूर हैं।

गांव के सीमांत किसान रूपानंद साव ने बताया कि उनके पास कुल पांच ट्यूबवेल हैं, लेकिन चोरी के डर से उन्होंने सभी बोर से मोटर निकालकर घर में रख ली है। वहीं, बिजली विभाग के लाइनमैन सहयोगी मनोज प्रधान ने भी बताया कि सुरक्षा के लिहाज से वे खुद अपने खेत का समर्सिबल पंप निकालकर घर ले आए हैं। उन्होंने पुष्टि की कि बिजली कंट्रोल रूम में भी लगातार बोर चोरी से जुड़ी शिकायतें आ रही हैं।

विज्ञापन
pithorawale
Author: pithorawale

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!