मोहदा हायर सेकेंडरी स्कूल में 20 सदस्यीय शाला प्रबंधन समिति का गठन
खीर कुमार पटेल अध्यक्ष, अलेख नायक बने उपाध्यक्ष; प्राचार्य ने जताया विकास का भरोसा
सरायपाली/।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहदा में विद्यालय के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 20 सदस्यीय शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का विधिवत गठन किया गया। संस्था के प्राचार्य एम. आर. पटेल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चुनाव किया गया। समिति के सदस्यों ने खीर कुमार पटेल को अध्यक्ष और अलेख नायक को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। इसके साथ ही 20 सदस्यीय समिति के अन्य सदस्यों का भी चयन किया गया, जो आगामी सत्रों में विद्यालय की गतिविधियों और विकास कार्यों में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे।इस अवसर पर प्राचार्य श्री पटेल ने नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित समिति के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नई समिति के सहयोग से विद्यालय विकास के नए आयाम छुएगा और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।नवनियुक्त अध्यक्ष खीर कुमार पटेल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्राचार्य के मार्गदर्शन और पूरी समिति के सहयोग से विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं को सुधारने और शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।बैठक में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं करुणा साहू, बी. एल. यादव, होमराज चौधरी, हेम सागर कैवर्त, राजकुमारी नायक, अनीता पटेल, गिरिजा शंकर चौहान सहित अभिभावक और प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।





















