कन्या शाला तोरेसिंहा में बाल कैबिनेट व इको क्लब का गठन, छात्राओं ने चुनी अपनी सरकार
सरायपाली/ शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक शाला तोरेसिंहा में छात्रों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए तथा विद्यालयीन क्रियाकलापों के बेहतर संचालन और नेतृत्व कौशल के विकास हेतु बाल कैबिनेट व यूथ एवं इको क्लब का गठन बैलेट पेपर के माध्यम से किया गया जिसमें पूरी निर्वाचन प्रक्रिया लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत संपन्न हुई।
विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री टी सी पटेल सर विकास खण्ड स्रोत समन्वयक श्री डी नायक सर एवं
संकुल समन्वयक श्री संजीत कुमार पात्रो के दिशा निर्देशन में प्रधान पाठक व निर्वाचन अधिकारी श्री ओमप्रकाश छत्रपति की देखरेख में नामांकन पत्र जमा करने, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई। बाल कैबिनेट के प्रमुख दो पदों के लिए मतदान हुआ, शेष सभी पदों पर पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ। कक्षा 8वीं की छात्रा रागिनी महाकुर को शाला नायिका व गरिमा कुम्हार उप शाला नायिका निर्वाचित हुईं। निर्विरोध चुने गए पदों में सांस्कृतिक मंत्री, खेल एवं योगा मंत्री, स्वच्छता एवं पर्यावरण मंत्री, अनुशासन प्रभारी, गणित एवं विज्ञान क्लब प्रभारी, पुस्तकालय प्रभारी, मध्याह्न भोजन प्रभारी, आयरन टेबलेट प्रभारी, कक्षा नायिका सहित यूथ एवं इको क्लब के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सचिव के पद शामिल हैं। मतदान के लिए एक पोलिंग सेंटर बनाया गया, जिसमें कक्षा छठवीं से आठवीं तक के छात्राओं ने बढ़-चढ़कर व उत्साहपूर्वक भाग लिया व अपने मताधिकार का प्रयोग कर पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को करीबी से जाना।
पोलिंग ऑफिसर के रूप में शिक्षक श्री संजय कुमार भोई और श्री विवेक प्रधान ने जिम्मेदारी संभाली। मतदान के बाद उम्मीदवारों के समक्ष मतगणना कर पदाधिकारियों को अपने पद के गोपनीयता और कर्तव्य की शपथ दिलाई। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और समुदाय के साथ मिलकर टीम भावना विकसित करना है साथ ही स्कूल और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। संगठन के चुनाव में छात्राओ में भारी उत्साह दिखा । उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।





















