अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा का स्वागत, अंतर्राष्ट्रीय युवा अग्रवाल सम्मेलन ने जताया आभार
अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा किए जाने पर अंतर्राष्ट्रीय युवा अग्रवाल सम्मेलन ने हर्ष एवं प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति हार्दिक आभार, धन्यवाद एवं साधुवाद व्यक्त किया है। सम्मेलन के प्रदेश मंत्री मयंक गोयल ने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जी अग्रवाल समाज के आराध्य एवं महान युगपुरुष हैं, जिन्होंने समाज को समानता, सेवा, सहयोग, सामाजिक समरसता और लोककल्याण का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श और विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की सामाजिक व्यवस्था “एक ईंट और एक रुपये” परस्पर सहयोग, सेवा और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान का प्रतीक रही है। इस व्यवस्था के माध्यम से उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बने और जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ाने में सहयोग करे। प्रदेश मंत्री मयंक गोयल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा उनके महान विचारों, आदर्शों और सामाजिक योगदान को मिले सम्मान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा अग्रसेन जयंती को सम्मान देते हुए की गई इस घोषणा से प्रदेशभर के अग्रवाल समाज में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण है।
























