*तुंहर विधायक–तुंहर द्वार’ अभियान के तहत विधायक चातुरी नंद ने किया विभिन्न गांवों का दौरा, चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं*
सरायपाली। क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘तुंहर विधायक–तुंहर द्वार’ अभियान के तहत सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद ने ग्राम तिलाईमाल, जामपाली, बनोभांठा एवं कापूकुंडा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों, महिलाओं, किसान एवं विभिन्न सामाजिक समूहों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को गंभीरता से सुना।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा बिजली व्यवस्था, ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने एवं विद्युत संबंधी समस्याओं, हाई मास्ट लाइट एवं स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण एवं मरम्मत सहित मूलभूत सुविधाओं से संबंधित मांगें विधायक के समक्ष रखी गईं। ग्रामीणों ने तिलाईमाल से काबूगुड़ा तक लगभग 1 किलोमीटर सड़क निर्माण को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत स्वीकृत कराने की मांग भी रखी।ग्रामीणों की मांगों पर विधायक नंद ने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए जल्द सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया.
वहीं विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने समूहों के संचालन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने संबंधी मांगें विधायक के समक्ष रखीं। महिला समूहों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए विधायक चातुरी नंद ने संबंधित विषयों पर आवश्यक पहल करने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने/नया ट्रांसफार्मर लगाने, विद्युत लाइन एवं अन्य आवश्यक सुधार कार्य कराने की मांग रखी। इसके अलावा गांवों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग भी सामने आई।
विधायक चातुरी नंद ने कहा कि ‘तुंहर विधायक–तुंहर द्वार’ केवल जनसंपर्क अभियान नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को गांव की चौपाल तक जाकर सुनने और उनके निराकरण के लिए जिम्मेदारी के साथ पहल करने का माध्यम है। ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए आवेदन एवं मांगों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए लगातार प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गांवों के विकास में सड़क, बिजली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, महिला स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुईपाली के अध्यक्ष तन्मय पांडा, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रूपानंद पटेल, विधायक प्रतिनिधि मोहन लाल भोई, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोरंजन भोई, विधायक प्रतिनिधि दीपक साहू, युवा कांग्रेस नेता मनीश नायक, अक्षय बरिहा, दिलीप साहू सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।























