
रायपुर, 30 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ की धरती पर आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 न केवल खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहा है, बल्कि राज्य की संस्कृति और पर्यटन की नई मिसाल भी पेश कर रहा है। देशभर से जुटे एथलीट यहाँ के आतिथ्य और प्राकृतिक नजारों के दीवाने हो रहे हैं। इसी कड़ी में, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह से आए वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों के लिए राज्य की यात्रा एक यादगार अनुभव बन गई है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की विशेष पहल पर खिलाड़ियों ने ऐतिहासिक और पुरातात्विक नगरी सिरपुर का भ्रमण किया। यहाँ के प्राचीन मंदिरों और बौद्ध विहारों को देख खिलाड़ी दंग रह गए और राज्य के गौरवशाली इतिहास की जमकर प्रशंसा की।
सिरपुर के बाद खिलाड़ियों के दल ने बारनवापारा अभयारण्य की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। घने जंगलों के बीच शांति और हरियाली ने खिलाड़ियों को तरोताजा कर दिया। पर्यटन मंडल के हरेली इको रिसोर्ट में खिलाड़ियों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाया, जिसका स्वाद उनके लिए बिल्कुल नया और लाजवाब था।
इस भ्रमण का सबसे रोमांचक पड़ाव रहा बाँबू राफ्टिंग। पानी की लहरों के बीच बांस की नाव पर सवार होकर खिलाड़ियों ने जमकर साहसिक अनुभव बटोरे, जिससे उनके बीच टीम भावना और उत्साह का संचार हुआ।
अंडमान-निकोबार के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ सरकार और पर्यटन मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहाँ का प्यार और सम्मान वे कभी नहीं भूलेंगे। इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ अपनी खेल प्रतिभाओं के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और बेहतरीन आतिथ्य को पूरे देश के सामने मजबूती से रख रहा है।











