राज्यपाल रमेन डेका ने सरायपाली में ली समीक्षा बैठक: जल संरक्षण और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को गति देने के निर्देश

Ads

महासमुंद (सरायपाली) | 03 अप्रैल 2026

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका ने आज सरायपाली प्रवास के दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी। रेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में तेजी लाते हुए इसे सीधे जनता के लाभ से जोड़ें।

जल संरक्षण और हरित क्रांति पर जोर

बैठक में राज्यपाल ने जल संरक्षण की दिशा में हो रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने किसानों को डबरी निर्माण के लिए और अधिक प्रोत्साहित करने को कहा, ताकि भू-जल स्तर में सुधार हो सके। वृक्षारोपण को लेकर उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-आंदोलन बनाने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिए कि कैंपा और मनरेगा के माध्यम से सरकारी भवनों और ग्रामीण इलाकों में फलदार व छायादार पौधे लगाए जाएं।

जैविक खेती और किसानों की आय

किसानों की उन्नति पर चर्चा करते हुए श्री डेका ने रासायनिक खादों का उपयोग कम कर जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल धान पर निर्भर न रहकर उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा दें और जैविक चावल के ‘वैल्यू एडिशन’ पर ध्यान दें, जिससे किसानों को उपज का बेहतर दाम मिल सके।

स्वास्थ्य और स्वच्छता की प्राथमिकता

स्वच्छ भारत मिशन के तहत उन्होंने कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने और सार्वजनिक शौचालयों के उचित रखरखाव के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने टीबी मरीजों की नियमित निगरानी और कैंसर व मोतियाबिंद के प्रति जागरूकता शिविर लगाने को कहा। उन्होंने सक्षम लोगों से टीबी मरीजों को गोद लेने की अपील भी की।

योग और महिला सशक्तिकरण

राज्यपाल ने बच्चों को शुरुआत से ही योग से जोड़ने और इसके नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता बताई। साथ ही, उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य पर काम करने के निर्देश दिए।

इस बैठक में सरायपाली विधायक श्रीमती चतुरी नंद, कलेक्टर श्री विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार सहित जिला व विकासखंड स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन
Prashant Pandey
Author: Prashant Pandey

विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!