पिथौरा में सामूहिक रूप से सुना गया प्रधानमंत्री के “मन की बात” का प्रसारण
पिथौरा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड का रविवार को पिथौरा नगर के वार्ड क्रमांक 05 में सामूहिक श्रवण किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
इस कार्यक्रम के दौरान भाजपा अजजा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व वरिष्ठ पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, जिला कार्य समिति सदस्य एवं सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष व पार्षद राम कुंवर मुन्ना सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि पुष्पराज गजेंद्र, मंडल कोषाध्यक्ष राजेश चौधरी, टीकाराम देवांगन, पार्षद प्रेमरंजन रौतिया, किशोर पटेल, लीलाधर तारक सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने इस संबोधन में देश के भीतर खेलों और खिलाड़ियों द्वारा हासिल की जा रही नई सफलताओं की चर्चा की। झारखंड के रांची में आयोजित हुई राष्ट्रीय वरिष्ठ एथलेटिक्स प्रतियोगिता का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय एथलीट लगातार नए कीर्तिमान रच रहे हैं और दुनिया भर में देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि इस प्रतियोगिता के दौरान चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड ध्वस्त हुए, जो संपूर्ण भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने 100 मीटर दौड़ में नया रिकॉर्ड स्थापित करने वाले धावक गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से बातचीत भी की। दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए पीएम ने कहा कि उनका यह प्रयास और प्रतिस्पर्धा देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने इसे खिलाड़ियों के कड़े अनुशासन, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम कहा।
बातचीत के दौरान धावक अनिमेष कुजूर ने अपने खेल के सफर के बारे में बताते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 2021 में एथलेटिक्स की शुरुआत की थी। पहले वे फुटबॉल खेला करते थे, लेकिन बाद में उन्होंने दौड़ प्रतियोगिताओं में भाग लेना शुरू किया। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से प्रारंभ हुआ उनका यह सफर आज अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुका है और उन्हें वैश्विक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले लोगों को सम्मानित करने और पहचान दिलाने का एक बड़ा मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री द्वारा देश के खिलाड़ियों, नए विचारों और सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा देने से युवाओं को आगे बढ़ने की निरंतर प्रेरणा मिलती है।























