नवा बिहान फाउंडेशन का कैरियर गाइडेंस एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

सरायपाली के सिमरन पैलेस में नवा बिहान फाउंडेशन सरायपाली के तत्वावधान में आज रविवार को आयोजित कैरियर मार्गदर्शन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस करियर गाइडेंस कार्यक्रम में सरायपाली सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए। इस करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करना तथा क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सरायपाली की विधायक श्रीमती चातुरी नंद थे। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और जीवन प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
पं. जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर से पहुंचे डॉ. अंजन चौहान (एमबीबीएस, एमडी) ने चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत का संदेश दिया। वहीं पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के डॉ. वेणुधर रौतिया ने विधि शिक्षा एवं न्यायिक सेवाओं में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी।
डॉ. प्रीति सतपथी ने कानून के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों और उसकी उपयोगिता पर चर्चा की। डिप्टी कलेक्टर नंदनी साहू ने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताया। कार्यक्रम के इसी कड़ी में एसडीओपी ललिता मेहर ने भी विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
डॉ. शाहिद अली ने पत्रकारिता एवं जनसंचार क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार की विस्तारपूर्वक जानकारियां दी। वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट चंद्रहास साहू ने कॉमर्स, वित्तीय प्रबंधन और सीए जैसे पेशेवर क्षेत्रों में करियर निर्माण के विषय में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया। डॉ. सीमा रानी प्रधान ने उच्च शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए निरंतर अध्ययन और आत्मविकास की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। सभी वक्ताओं ने एकमत से कहा कि सही मार्गदर्शन, आत्मविश्वास और सतत प्रयास के बल पर कोई भी विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वुशु खेल में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों, सफल पर्वतारोही फैमिदा तबस्सुम तथा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को भी शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक चातुरी नंद ने कहा कि विद्यार्थियों को समय पर सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराना प्राथमिक समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने नवा बिहान फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






















