स्वच्छता में तोषगांव ने लहराया परचम, सरायपाली ब्लॉक में मिला पहला स्थान
सरायपाली/ स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए गए बेहतरीन कार्यों का नतीजा सामने आया है। ग्राम पंचायत तोषगांव को स्वच्छता के मामले में पूरे सरायपाली ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल हुआ है। इस उपलब्धि के लिए पंचायत को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया।
आजीविका मेले में मिला सम्मान
जिला पंचायत महासमुंद द्वारा आयोजित आजीविका मेला में तोषगांव पंचायत को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह (आईएएस), जिला पंचायत सीईओ हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा किशन पटेल की मौजूदगी में यह सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तोषगांव के सरपंच मोहित रौतिया, सचिव अजय भोई एवं महिला स्व सहायता समूह की सदस्यों ने यह सम्मान प्राप्त किया। पंचायत को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य के लिए ब्लॉक में प्रथम चुना गया।
ग्रामीणों और महिला समूहों के सामूहिक प्रयासों से गांव में स्वच्छता का स्तर सुधरा। घर-घर कचरा संग्रहण, ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन और जनजागरूकता अभियान ने तोषगांव को ब्लॉक में अव्वल बनाया। इस उपलब्धि से पूरे ब्लॉक में तोषगांव मॉडल ग्राम पंचायत के रूप में सामने आया है।





















