तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूर को कुचला, मौके पर ही मौत
महासमुंद/ तुमगांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। करणी कृपा प्लांट में काम करने वाले एक मजदूर की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक आशिष कुमार पिता नरेश तांती उम्र 26 वर्ष, निवासी फुल्कार थाना जमालपुर, जिला मुंगेर (बिहार) करणी कृपा प्लांट में मजदूरी करता था। 24 जून की सुबह करीब 7 बजे वह घर जाने के लिए प्लांट से निकला था।
प्लांट गेट के सामने हुआ हादसा
करणी कृपा प्लांट गेट के सामने मेन रोड NH-53 पर रायपुर की ओर से आ रही ट्रक क्रमांक CG09JB2863 ने उसे सामने से ठोकर मार दी। ट्रक चालक वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशिष की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर तुमगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी ड्राइवर की तलाश कर रही है।





















