अस्तित्व फाउंडेशन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय, बलौदा को भेंट किया स्मार्ट पैनल
सरायपाली, 13 जुलाई 2026। उच्च शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अस्तित्व फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती अनुपम मिश्रा दीवान द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय, बलौदा को एक अत्याधुनिक स्मार्ट पैनल भेंट किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में स्मार्ट पैनल का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं अस्तित्व फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती अनुपम मिश्रा दीवान ने अपने उद्बोधन में संस्था द्वारा शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल साक्षरता एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा में डिजिटल तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है तथा स्मार्ट पैनल विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं सहभागितापूर्ण शिक्षण का प्रभावी माध्यम सिद्ध होगा। उन्होंने भविष्य में भी महाविद्यालय के साथ सहयोग बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
महाविद्यालय के आईसीटी प्रभारी श्री रमेश पटेल, सहायक प्राध्यापक (इतिहास) ने स्मार्ट पैनल की तकनीकी विशेषताओं एवं शैक्षणिक उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसके माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया अधिक प्रभावी, रोचक एवं छात्र-केंद्रित बनेगी। डिजिटल सामग्री, ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतीकरण तथा इंटरैक्टिव शिक्षण से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
आईक्यूएसी समन्वयक श्री जितेंद्र कुमार पटेल, सहायक प्राध्यापक (वाणिज्य) ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सूचना प्रौद्योगिकी के व्यापक उपयोग, नवाचार आधारित शिक्षण, ई-कंटेंट निर्माण, डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों को अपनाने पर बल दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनिता पटेल ने अस्तित्व फाउंडेशन एवं श्रीमती अनुपम मिश्रा दीवान के प्रति महाविद्यालय परिवार की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह स्मार्ट पैनल विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा तथा महाविद्यालय में डिजिटल शिक्षा को नई दिशा प्रदान करेगा।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. गजानंद नायक ने किया।
इस अवसर पर कमला बाई दीवान, एंजेला लकड़ा, रश्मि निबर्गिया, अनूपा निषाद, संजय पटेल, भवानी साहू एवं अशोक मेहर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी ने अस्तित्व फाउंडेशन के इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल बताया।




















