Edition

धीमी गति से चल रहा है इंटरनेट जियो के उपभोक्ता हुए परेशान

धीमी गति से चल रहा है इंटरनेट जियो के उपभोक्ता हुए परेशान

सरायपाली। वर्तमान समय में डिजिटल इंडिया का नारा लगा रही है और गांवों में इंटरनेट की पहुंच का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर अभी भी शहर सहित अनेक गांवों में इंटरनेट व नेटवर्क की समस्या होने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क नहीं होने से लोगों के इंटरनेट से संबंधित कई प्रकार के काम काज प्रभावित हो रहे हैं, जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। विकासखण्ड में जियो के सबसे अधिक उपभोक्ता हैं, लेकिन सही इंटरनेट नहीं होने के कारण जियो के उपभोक्ताओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।

सरायपाली शहर सहित ब्लॉक के ग्राम चकरदा, कोकडी, नायक पारा, गघेलडीपा, बानीगिरोला, केंदुमुडी, चटटीरिगोला, भोथलडीह, उमरिया, खुसरूपाली, कनकेवा, बालसी आदि लगभग पूरे ब्लॉक में जियो के नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। घर के अंदर जाते ही इंटरनेट धीमा या कभी-कभी बंद हो जाता है। वहीं नगर के पतेरापाली, महलपारा, वीरेंद्रनगर, झिलमिला आदि वार्ड में तो इंटरनेट की समस्या हो ही रही है, शहर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक में भी इंटरनेट ढंग से नहीं चल रहा है, जबकि चौक के पास ही जियो का टावर लगा हुआ है।

पूर्व जनपद सदस्य एवं समाज सेवी विजय प्रधान ने नेटवर्क की समस्या के संबंध में बताया कि जियो टावर का नेटवर्क सही नहीं होने के कारण पूरे अंचल के लोग परेशान हैं। ग्राम अंतरला में जियो टॉवर होने के बाद भी बहुत मुश्किल से बात हो पाती है और डाटा तो बिल्कुल जीरो है। आज हर काम और बच्चों की शिक्षा ऑनलाइन हो रही है, लेकिन जियो की लचर व्यवस्था से हर वर्ग पीड़ित है। बरसात या मौसम खराब होने पर तुरंत टावर में खराबी आ जाती है और टावर काम करना बंद कर देता है। यहां तक कि टावर के आसपास भी नेटवर्क काम नहीं कर रहा है, इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि जियो की व्यवस्था कितनी लचर है।

*ग्रामवासी सामूहिक रूप से करेंगे जियो का बहिष्कार*

उन्होंने जल्द ही इसमें सुधार नहीं किये जाने पर समस्त ग्राम वासियों के द्वारा सामूहिक रूप से जियो का बहिष्कार करने की बात कही है।

जियो के उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि वे रिचार्ज तो 4 जी का कराते हैं, लेकिन इंटरनेट 2 जी, 3 जी के रफ्तार में चलता है।

कई गांवों में बिजली गुल होने पर इंटरनेट पूरी तरह से बंद होने की शिकायतें भी आए दिन सुनने में आ रही हैं। इस समस्या को लेकर कंपनी के ऑफिस में अनेक बार अवगत कराया गया, लेकिन कंपनी के कर्मचारी इस ओर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं। इसे देखते हुए उपभोक्ताओं के द्वारा जियो कंपनी के अधिकारियों से अतिशीघ्र इस ओर ध्यान देते हुए इंटरनेट सुविधा को दुरुस्त करने की मांग की गई है।

विज्ञापन
Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!