विकासखंड स्तरीय व्यायाम शिक्षकों की आवश्यक बैठक
सरायपाली- विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी सी पटेल की अध्यक्षता में आज विकासखंड कार्यालय में विकासखंड के समस्त व्यायाम शिक्षकों की अति आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत विकासखंड एवं जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में निम्न प्रमुख निर्णय लिए गए—
पिछले वर्षों के लंबित क्रीड़ा अंशदान की राशि सात दिवस के भीतर विकासखंड कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराने हेतु सभी प्राचार्यों को सूचित किया जाएगा, जिससे विकासखंड एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के क्रीड़ा अनुदान के आय-व्यय संबंधित जानकारी देने पर चर्चा की गई।
शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की विकासखंड स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
आगामी बैठक में विकासखंड के समस्त प्राचार्यों एवं क्रीड़ा प्रभारियों की उपस्थिति अनिवार्य रखने का निर्णय लिया गया।
मिनी वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों की प्रतियोगिता में भागीदारी हेतु होने वाला व्यय संबंधित संस्था द्वारा वहन किया जाएगा।
विकासखंड क्रीड़ा संचालन समिति का गठन किया गया, जिसमें डॉ. सुश्री शुभ्रा डड़सेना, लखेश्वर भोई, क्षितिपति साहू एवं ऋषि कुमार साहू को सदस्य बनाया गया। समिति के निर्देशन एवं अनुशंसा से ही विकासखंड एवं जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का संचालन तथा समस्त आय-व्यय किया जाएगा। विकासखंड क्रीड़ा विभाग के सचिव के रूप में स्वाधीन शर्मा दायित्व का निर्वहन करेंगे। बैठक में विकासखंड के व्यायाम शिक्षक हेमसागर कैवर्त, शिव पटेल ,वासुदेव पटेल, सतीश पैकरा ममता प्रधान,मंजुला चौधरी, मंजू लता पटेल उपस्थित थे।
बैठक में सभी व्यायाम शिक्षकों से खेल गतिविधियों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु समन्वय एवं सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।





















