Edition

विश्व स्तनपान सप्ताह: आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुटेला में स्नेह सम्मेलन आयोजित, माताओं को दिया गया स्तनपान का संदेश

विश्व स्तनपान सप्ताह: आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुटेला में स्नेह सम्मेलन आयोजित, माताओं को दिया गया स्तनपान का संदेश

सरायपाली, 6 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुटेला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अंतर्गत गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं के लिए स्नेह सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व से अवगत कराना तथा नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को बढ़ावा देना रहा।

 

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को स्तनपान शुरू कराना तथा पहले छह माह तक केवल मां का दूध पिलाना शिशु के लिए सबसे सुरक्षित, संपूर्ण और प्रभावी पोषण है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, संक्रमण का खतरा कम होता है तथा उसके शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।

 

स्नेह सम्मेलन के दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान की सही तकनीक, संतुलित आहार, शिशु की देखभाल तथा छह माह बाद पूरक (ऊपरी) आहार प्रारंभ करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने सभी परिवारों से अपील की कि वे माताओं को स्तनपान के लिए सहयोग और प्रोत्साहन दें, ताकि प्रत्येक शिशु को जीवन की स्वस्थ शुरुआत मिल सके। कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि “मां का दूध शिशु का पहला, सर्वोत्तम और संपूर्ण आहार है,” जो स्वस्थ समाज और मजबूत भविष्य की आधारशिला है।इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से संजीदा खान, रामकुमार निषाद एवं फगनी बरिहा उपस्थित रहे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शकुंतला मांझी, चंद्रकांती यादव, शांता दास तथा मितानिन रेखा भोई, कमला चौधरी, मिनी बाई दास ने भी सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मीरा पटेल उपस्थित रहीं।

उक्त जानकारी खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी एवं मीडिया प्रभारी टी. आर. धृतलहरे ने दी।

विज्ञापन
Pithora wale
Author: Pithora wale

..

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!