पिथौरा की खेल प्रतिभाओं को निखारेगी क्रिकेट एकेडमी, मनमीत छाबड़ा ने PCA के विज़न को किया स्पष्ट

Ads

पिथौरा। स्थानीय शहीद भगत सिंह खेल मैदान में पिथौरा क्रिकेट एकेडमी (PCA) द्वारा आयोजित अंडर-16 अभ्यास मैच में युवा खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया। एकेडमी के संयोजक मनमीत सिंह छाबड़ा ने इस मौके पर स्पष्ट किया कि PCA का उद्देश्य क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को तराशना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है।

अभ्यास मैच के दौरान खिलाड़ियों को दो टीमों में बांटा गया – रेड टीम और ब्लू टीम। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जिसमें खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपना कौशल दिखाया। इस मैच में ब्लू टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेड टीम को पराजित किया और जीत दर्ज की।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मनमीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि पिथौरा क्रिकेट एकेडमी ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य खिलाड़ियों को केवल क्रिकेट सिखाना नहीं है, बल्कि उन्हें एक सफल और अनुशासित खिलाड़ी के रूप में विकसित करना है।” उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, फिटनेस और मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी।

कोच सुनील यादव ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि एकेडमी खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ मैच खेलने का अनुभव भी प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी समय में भी इस तरह के अभ्यास मैच आयोजित किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को अपने खेल में सुधार करने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मनमीत सिंह छाबड़ा द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभ्यास मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और अभिभावक मौजूद थे। उन्होंने एकेडमी की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि पिथौरा क्रिकेट एकेडमी क्षेत्र के क्रिकेट को एक नई ऊँचाई पर पहुँचाएगी।

विज्ञापन

Prashant Pandey
Author: Prashant Pandey

विज्ञापन
विज्ञापन
और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!