
पिथौरा | ठाकुरदिया खुर्द
रामनवमी के पावन अवसर पर प्रभु श्रीरामचन्द्र सनातन चेतना संस्थान, ठाकुरदिया खुर्द के द्वारा एक ऐसी ऐतिहासिक और भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को राममय कर दिया। श्रीधाम अयोध्या से अभिमंत्रित होकर आई पवित्र शिला और प्रभु श्री राम की मनमोहक झांकियों के दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा।
बाजे-गाजे और डीजे की धुन पर थिरके श्रद्धालु सुबह 10 बजे जैसे ही श्रीराम मंदिर निर्माण स्थल से यात्रा शुरू हुई, पूरा वातावरण ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा। डीजे की गूंज और पारंपरिक बाजे-गाजे ने भक्तों के उत्साह को दोगुना कर दिया। युवाओं की टोली भगवा ध्वज थामे नाचती-गाती नजर आई, तो वहीं बुजुर्गों के चेहरों पर भक्ति का संतोष था।
गांव-गांव में हुआ भव्य स्वागत, महिलाओं ने उतारी आरती
यह शोभा यात्रा ग्राम खपराखोल, ठाकुरदिया खुर्द, मोहल्ला डीपापारा, श्यामनगर, केकराखोल, बांधियाडीपा एवं टाडापारा से होकर गुजरी। खास बात यह रही कि हर घर के सामने ग्रामीणों ने दीप प्रज्वलित कर और पुष्प वर्षा कर प्रभु का स्वागत किया। महिलाओं ने अपने द्वार पर अयोध्या से आई अभिमंत्रित शिला की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।
दिनभर के भ्रमण के बाद महाभंडारे के साथ समापन
यह यात्रा पूरे दिनभर विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण कर रात्रि 9 बजे रामकुटि में संपन्न हुई। इसके बाद ‘प्रभु श्रीरामचन्द्र सनातन चेतना संस्थान’ की ओर से विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
इनका रहा विशेष योगदान:
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्य अजय नायक, टीकम सिक्या, बंशीधर नायक, डॉ शेषनारायण सेन, शंकरलाल पटेल, हेमसागर रौतीया, लोकेश नायक, साहेबलाल नायक, नेहरू नायक, लक्ष्मी पटेल, देशराम निराला, निर्मला पटेल, केशव साहु, खेमलाल नायक, सरिता नायक, बिंदिया नायक, दुर्गा पटेल, धीरपाल जोशी, सूरज मिश्रा सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।











