राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय को मिला पेयजल सुविधा का अमूल्य उपहार
सरायपाली/ क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान स्वर्गीय राजा वीरेंद्र बहादुर सिंह शासकीय महाविद्यालय, सरायपाली में अध्ययनरत लगभग 1500 विद्यार्थियों तथा शिक्षकों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए समाजसेवी एवं व्यवसायी श्री मदनलाल अग्रवाल द्वारा महाविद्यालय को एक महत्वपूर्ण सौगात प्रदान की गई। उन्होंने अपने माता-पिता एवं पूर्वजों की पुण्य स्मृति तथा आशीर्वाद स्वरूप महाविद्यालय परिसर में 800 फीट गहरे नलकूप (बोर) का निर्माण करवाया तथा 100 लीटर क्षमता का वाटर कूलर भेंट किया।

इस सराहनीय पहल से महाविद्यालय में स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विशेषकर भीषण गर्मी के दिनों में बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से महाविद्यालय में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। श्री अग्रवाल के इस योगदान ने न केवल एक महत्वपूर्ण आवश्यकता की पूर्ति की है, बल्कि समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति समर्पण को भी दर्शाया है।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने श्री मदनलाल अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह सहयोग विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, सुविधा और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। महाविद्यालय प्रशासन ने इसे सामाजिक सहभागिता और जनसहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए अन्य समाजसेवियों को भी शिक्षा संस्थानों के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
श्री मदनलाल अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना एक पुण्य कार्य है। स्वस्थ विद्यार्थी ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य होते हैं। इसी भावना के साथ उन्होंने यह सेवा महाविद्यालय को समर्पित की है तथा सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने इस जनहितैषी कार्य के लिए श्री मदनलाल अग्रवाल के प्रति हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया तथा उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ दीर्घायु जीवन की कामना की।

























