राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में बलौदा विद्यालय की दो छात्राओं का चयन
महासमुंद (सरायपाली )। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बलौदा, संकुल केंद्र–बलौदा, विकासखंड–सरायपाली, जिला–महासमुंद (छत्तीसगढ़) की दो छात्राओं ने राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) 2025–26 में सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।चयनित छात्राओं में सिमरन बाघ एवं रश्मिता बरिहा शामिल हैं। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों तथा क्षेत्रवासियों में हर्ष का वातावरण है। विद्यालय के प्रधान पाठक रूपलाल मांझी ने बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के उद्देश्य से प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा तथा राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) की तैयारी के लिए नियमित रूप से विशेष कक्षाओं का संचालन किया जाता है। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को अतिरिक्त मार्गदर्शन एवं अभ्यास कराया जाता है।इस उपलब्धि पर प्रधान पाठक रूपलाल मांझी एवं समस्त शिक्षकों द्वारा दोनों छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्राओं की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र एवं जिले का नाम रोशन करेंगे। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।





















