शासकीय प्राथमिक शाला मुधा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव
सरायपाली/ शासकीय प्राथमिक शाला मुधा में नवीन शिक्षा सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं पगड़ी पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए पाठ्यपुस्तकों एवं अभ्यास पुस्तिकाओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्री गणपत बरिहा, एसएमसी अध्यक्ष श्री जगतराम श्रीवास, शासकीय प्राथमिक शाला जोगीडीपा के प्रधान पाठक श्री चंद्रकुमार पटेल, पंच श्रीमती दुशीला पटेल और सुभद्रा पटेल, अन्य जनप्रतिनिधि, एसएमसी सदस्य, माताएं, पालकगण एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच श्री गणपत बरिहा ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने एवं शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया तथा सभी विद्यार्थियों को नवीन शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं दीं। इसी क्रम में एसएमसी अध्यक्ष श्री जगतराम श्रीवास द्वारा विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन वितरित किए गए।
विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती शीला विश्वास ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालय में नए-नए नवाचारों एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति को अपनाया जाएगा, जिससे बच्चों को आनंददायक एवं खुशनुमा वातावरण में सीखने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य बच्चों में सीखने की रुचि विकसित करना तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।
सहायक शिक्षक श्री हीराराम पटेल द्वारा अतिथियों के करकमलों से विद्यार्थियों को पुस्तक वितरण कराया गया तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रधान पाठक श्रीमती शीला विश्वास द्वारा सभी विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत में माताओं एवं पालकों ने भी तिलक लगाकर एवं पगड़ी पहनाकर अपनी सहभागिता निभाई।
नए बस्ते, नई पुस्तकें और नई कक्षा मिलने की खुशी बच्चों के चेहरों पर स्पष्ट दिखाई दे रही थी। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों के लिए स्वादिष्ट मध्यान्ह भोजन की भी व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम के अंत में एसएमसी अध्यक्ष द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त की गईं। अंत में प्रधान पाठक श्रीमती शीला विश्वास ने सभी अतिथियों, पालकों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के विकास एवं बच्चों की शिक्षा में निरंतर सहयोग देने का आग्रह किया।
यह आयोजन विद्यालय, समुदाय एवं पालकों के बीच बेहतर समन्वय तथा बच्चों के शिक्षा के प्रति उत्साह को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।





















