गुजरात के प्रेरणा उत्सव में नागेश्वर दीवान का चयन
सरायपाली/ भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा गुजरात के वडनगर में 5 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाला प्रेरणा उत्सव में छत्तीसगढ़ से मोहन लाल दीवान (शिक्षक) और श्रीमती कमला दीवान (सहायक प्राध्यापक) के सुपुत्र नागेश्वर दीवान का चयन हुआ है। एकलव्य इंग्लिश स्कूल अर्जुण्डा में कक्षा 12 वीं में अध्ययनरत नागेश्वर का पोस्टर मेकिंग के तहत चयन हुआ है। प्रेरणा उत्सव शिक्षा मंत्रालय द्वारा शुरू किया गया एक सप्ताह का आवासीय अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम है जिनका उद्देश्य देश भर के कक्षा 9 से 12 तक के मेधावी छात्र छात्राओं को वसुधैव कुटुम्बकम और विकसित भारत की भावना से जोड़ना है। निबंध, पोस्टर मेकिंग, कविता और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन होता है। यह कार्यक्रम 9 मूल्यों पर आधारित होता है जैसे- स्वाभिमान, शौर्य, श्रम, करुणा, विविधता और एकता, नवाचार और जिज्ञासा आदि। इसमें शामिल होने वाले विद्यार्थियों को योगा, ध्यान, प्रेरणादायक फिल्मों की स्क्रीनिंग, हेरिटेज स्थलों की यात्रा ( विरासत और नवाचार का मेल) और व्यवहारिक शिक्षण दिया जाता है। इस कार्यक्रम में चयन होने पर परिवार के सदस्यों एवं विद्यालय के सभी शिक्षकों ने हर्ष जताया ।





















