बलौदा। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बलौदा में विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस थाना बलौदा के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्री शैलेन्द्र नाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी श्री नाग ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के नुकसान तथा संदिग्ध APK फाइलों एवं अनजान ऐप्स को डाउनलोड न करने की महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है, तो वह बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा साइबर अपराध की शिकायत www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने कहा कि समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।
कार्यक्रम के दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
साइबर क्राइम जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी विद्यार्थियों को थाना प्रभारी श्री शैलेन्द्र नाग द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक श्री प्रवीण प्रधान ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक श्री रूपलाल मांझी, शिक्षक श्री फकीर चरण चौधरी, श्री हेमसागर प्रधान एवं श्री सुरेश विशाल ने भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।





















