सरायपाली। ग्राम केसराटाल के पास स्थित भालू डोंगर में आज 28 जुलाई को डोंगर रथयात्रा का आयोजन किया गया। डोंगर के ऊपर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा के साथ भक्तों को दर्शन दिये।ज्ञात हो कि प्रतिवर्ष आषाढ़ शुक्ल चतुर्दशी को भालू डोंगर में आयोजित होने वाला रथ यात्रा अंचल में काफी प्रसिद्ध है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसका आनंद लेने के लिए वहाँ पहुँचते हैं। हालांकि ऊपर चढ़ने का रास्ता दुर्गम है, इसके बावजूद भक्तों का उत्साह कम नहीं होता। डोंगर के ऊपर में रथ बनाया जाता है, जिसमें बलभद्र, सुभद्रा और जगन्नाथ भगवान को चढ़ाकर शंख, घण्ट, कीर्तन के साथ रथ महोत्सव मनाया जाता है।
समीपस्थ ग्राम केसराटाल में श्री जाम्बवंत भालू डोंगरी जगन्नाथ धाम सेवा समिति के द्वारा आज 28 जुलाई को डोंगर रथ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों भक्तों ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। उबड़-खाबड़ मार्ग से होते हुए डोंगर के ऊपर चढ़कर भक्तों ने उत्साहपूर्वक इस कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस दौरान वहाँ मेले का भी आयोजन किया गया था, जिसमें बच्चों के लिए खिलौने सहित कई प्रकार की दुकानें सजी थीं। गाड़ियों की पार्किंग के लिए भी अच्छी व्यवस्था रखी गई थी। साथ ही पुलिस प्रशासन की टीम भी चाक चौबंद व्यवस्था के साथ वहाँ मुस्तैद थी। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी और शांतिपूर्ण ढंग से कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।





















