महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ महासमुंद में कांग्रेस का महाअभियान, घर-घर पहुंचकर भरवाए आवेदन
महासमुंद l महासमुंद शहर में महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस ने चरणबद्ध जनआंदोलन का शंखनाद कर दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शुरू किए गए इस अभियान के तहत कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों से संपर्क कर रहे हैं। खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव के दिशा-निर्देशन और शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत नेहरू चौक और आसपास के बाजार क्षेत्रों से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और दुकानों में पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान घर-घर और दुकान-दुकान आवेदन फॉर्म भरवाने का अभियान शुरू किया गया। कांग्रेस का कहना है कि इन फॉर्म के माध्यम से बढ़ी हुई बिजली दरों, भारी-भरकम बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी उपभोक्ताओं की व्यक्तिगत समस्याओं का डेटा एकत्र किया जाएगा। पार्टी के मुताबिक, इस आंकड़े के आधार पर जनता की समस्याओं को संगठित तरीके से सरकार के सामने रखा जाएगा और बिजली दरों में राहत की मांग को लेकर दबाव बनाया जाएगा।अभियान के दौरान नेहरू चौक के कई व्यापारियों ने बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर अपनी परेशानी कांग्रेस नेताओं के सामने रखी। व्यापारियों का कहना था कि दुकान का किराया, कर्मचारियों का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच बढ़ते बिजली बिल अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बिजली की मौजूदा दरों और स्मार्ट मीटर को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की।कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आम जनता और व्यापारी वर्ग इस अभियान में सहयोग कर रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग आवेदन फॉर्म भरकर अपनी समस्याएं दर्ज करा रहे हैं। पार्टी का कहना है कि यह अभियान केवल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता आगे भी लगातार लोगों के बीच जाएंगे।इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष संजय शर्मा, जिला महामंत्री भरत ठाकुर, मंडल अध्यक्ष खिलावन बघेल, शहर महामंत्री निर्मल जैन, शहर उपाध्यक्ष एवं पार्षद मुस्ताक खान विक्की, शहर महामंत्री तबरेज खान, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमन चंद्राकर, महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सोनम बंसोड सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली दरों में राहत और स्मार्ट मीटर से जुड़ी लोगों की समस्याओं का समाधान होने तक जन आंदोलन जारी रखा जाएगा। पार्टी ने इसे आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का अभियान बताया है।





















