कलेक्टर विनय लंगेह ने दुर्गापाली स्कूल के बच्चों से किया सीधा संवाद, नशे से दूर रहने की दी नसीहत
सरायपाली। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्गापाली में शुक्रवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर लंगेह ने उन्हें स्पष्ट रूप से नसीहत दी कि वे किसी भी प्रकार की बुरी आदतों,नशे से दूर रहे ।उन्होंने कहा कि आज के दौर में मानसिक स्वास्थ्य का मजबूत होना बेहत जरूरी है। विद्यार्थियों को अपने उज्ज्वल भविष्य ,परिवार के प्रति पूरी तरह गम्भीर रहना चाहिए। छात्र जीवन ही भविष्य की नींव तैयार करता है।
कलेक्टर ने आधुनिक युग की आवश्यकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान समय नवीन तकनीक,डिजिटल संसाधनों का है, विद्यार्थियों को इसका दुरुपयोग करने के बजाय सदुपयोग करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे यूट्यूब, दीक्षा पोर्टल जैसे आधुनिक शैक्षणिक प्लेटफार्म का उपयोग पढ़ाई, निरंतर अध्ययन, अभ्यास के लिये करें।
उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद,सह संज्ञानात्मक गतिविधियों में भी हिस्सा लेने की बात कही। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सकेगा।
बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताते हुए उन्होंने उनका हाल चाल जाना। इससे नन्हें मुन्ने बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विद्यालय परिसर के पौथों को संरक्षण, संवर्धन के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस दौरे संवाद कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा,नायब तहसीलदार बसना ललित साहू,विद्यालय के प्राचार्य निमंकर पटेल,संकुल समन्वयक मनोरंजन साहू,शिक्षक गण, व ग्रामीणजन बड़ी संख्या में थे।
कलेक्टर ने सिर्फ कक्षाओं में संवाद तक ही खुद को सीमित नहीं रखा। उन्होंने प्राथमिक उच्च प्राथमिक शाला दुर्गापाली पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बच्चों के मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। पोषण आहार योजना के अंतर्गत उन्होंने अपने हाथों से केला वितरित किये।




















