ढोढरकसा के ग्रामीण आज करेंगे नेशनल हाइवे जाम
पिथौरा। ग्राम ढोढरकसा में हाई स्कूल में शिक्षकों की कमी को लेकर चल रहा आंदोलन अब उग्र रूप लेने लगा है। शिक्षकों की मांग पूरी नहीं होने से नाराज ढोढरकसा एवं बहादुरपुर के ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया है। मंगलवार को ढोढरकसा गांव में ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से 30 सितंबर, बुधवार को भगत देवरी के पास नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने का निर्णय लिया गया। इसकी सूचना शासन-प्रशासन को भी दे दी गई है। शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष परमानंद प्रधान ने बताया कि हाई स्कूल ढोढरकसा में शिक्षकों की कमी को लेकर पालक एवं ग्रामीण लंबे समय से शासन-प्रशासन से शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
इसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और पालकों में भी नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों द्वारा स्कूल में तालाबंदी किए जाने के बाद भी अब तक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ गया है। उनका कहना है कि वे लगातार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग अधिकारियों के समक्ष रखते रहे, लेकिन जब उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो अब चक्काजाम का निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि चक्काजाम के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान स्कूल में शिक्षकों की कमी की ओर आकर्षित कराया जाएगा। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल हाई स्कूल ढोढरकसा में शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।























