कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी समस्याएं,जनदर्शन में मिले 55 आवेदन
महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। जनदर्शन में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित कुल 55 आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में धान बिक्री के लिए वसीयत के आधार पर आदेश जारी करने, सर्वेयर कार्य का मानदेय भुगतान, जामबारा से कोसमखार में सड़क एवं पुलिया निर्माण, केशलडीह से कोसम नाला में पुलिया निर्माण, खीरसाली से केशलडीह तक वन भूमि में डब्ल्यूबीएम सड़क निर्माण एवं पुलिया निर्माण, राजस्व प्रकरण अंतर्गत नाम सुधार, बटवारा, नवीन खसरा, नक्शा बटांकन, डिजिटल पट्टा जारी करने, बागबाहरा और तुमगांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा को हटाने, बिजली बिल माफ करने, पेंशन, नौनी सशक्तिकरण योजना से लाभ दिलाने, विद्युत खम्बा हटाने, हाईकोर्ट के आदेश पर दिवंगत पटवारी पति के सेवाकाल की सम्पूर्ण राशि का भुगतान दिलाने, पीएम आवास स्वीकृति, आदिवासी जमीन के फर्जी नामांतरण, संलग्नीकरण, बोकरामुडा में बोर खनन, मकान के छत से जा रही विद्युत लाइन को हटाने, प्राकृतिक आपदा प्रकरण स्वीकृत करने, प्रमाणित नकल, रसोई गैस सिलेंडर दिलाने आदि आवेदन शामिल हैं।























