सेवा संकल्प अभियान में पिथौरा CHC में रक्तदान शिविर, जनसेवा के लिए जुटे लोग
पिथौरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता बनाए रखना और आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, विधायक प्रतिनिधि अनूप अग्रवाल, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विजय नायक, उद्योग प्रतिनिधि अमित अग्रवाल, कृषक समिति अध्यक्ष विजयराज पटेल, किसान मोर्चा प्रदेश सहसंयोजक अजय डड़सेना, युवा मोर्चा जिला पदाधिकारी सौरभ अग्रवाल, मीडिया प्रभारी गौरव चंद्राकर एवं बीएमओ डॉ. तारा अग्रवाल ने भारत माता, महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर किया।
इस दौरान भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से प्रारंभ होकर एक माह तक सेवा को केंद्र में रखते हुए विभिन्न जनसेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सेवा की भावना पहुंचाना तथा जरूरतमंदों की मदद के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि सेवा केवल किसी एक दिन या आयोजन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। जब हमारी संवेदनाएं जरूरतमंदों तक पहुंचती हैं और हमारे प्रयास किसी के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हैं, तभी सेवा का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है।
स्वप्निल तिवारी ने कहा कि रक्तदान शिविर जैसे आयोजन समाज के अलग-अलग वर्गों को एक मंच पर जोड़कर सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। रक्तदान मानव सेवा का प्रत्यक्ष माध्यम है, जिसके जरिए किसी अनजान जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रक्त का निर्माण किसी फैक्ट्री या मशीन में नहीं हो सकता, इसलिए इसकी उपलब्धता स्वस्थ और पात्र रक्तदाताओं की संवेदनशीलता एवं मानवता पर निर्भर करती है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से रक्तदान के प्रति जागरूक होने की अपील की।
युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि युवा शक्ति सामाजिक बदलाव की महत्वपूर्ण ताकत है। यदि युवा सेवा, रक्तदान, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों से जुड़ते हैं, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन को और गति मिल सकती है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी अधिक से अधिक लोगों को जनसेवा से जोड़ना है।
विधायक प्रतिनिधि अनूप अग्रवाल ने कहा कि रक्तदान महादान है और गंभीर मरीजों के उपचार के दौरान समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं और स्वस्थ नागरिकों से अधिक संख्या में रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
रक्तदान शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच करने के बाद रक्त संग्रह किया। शिविर में शामिल लोगों ने रक्तदान के महत्व को समझते हुए आगे भी जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से डॉ. तारा अग्रवाल, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, डॉ. पीतांबर पटेल, चिकित्सा अधिकारी, BSU इंचार्ज जय कांत विश्वकर्मा, विकास खंड कार्यक्रम प्रबंधक आर. के. अवस्थी, BETO आर. नाग, नर्सिंग सिस्टर अजय वर्मा, स्टॉफ नर्स सी. एल. बरिहा, MLT चंदन सिंह ठाकुर, ICTC काउंसलर अंजली चौधरी, ANM प्रशांत मेश्राम, लिपिक चंद्रकांत शेरसिंह सहित अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।























