Edition

ओलंपिक डे पर रायपुर में दो दिवसीय नेशनल स्पोर्ट्स चेम्पियनशिप, 15 राज्यों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

20-21 जून को रायपुर बनेगा खेलों का केंद्र, नेशनल स्पोर्ट्स चेम्पियनशिप में होंगे कई रोमांचक मुकाबले

रायपुर।

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में स्पोर्ट्स डेव्हलपमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया की राज्य इकाई रायपुर, छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 20 एवं 21 जून 2026 को पंडित रविशंकर यूनिवर्सिटी फिजिकल एजुकेशन डिपार्टमेंट ग्राउंड, रायपुर में दो दिवसीय नेशनल स्पोर्ट्स चेम्पियनशिप का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

चेम्पियनशिप के पहले दिन 20 जून, शनिवार को सुबह 8 बजे से विभिन्न आउटडोर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें एथलेटिक्स, बॉलीबाल, फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, खो-खो और कबड्डी सहित कई खेलों के मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं दूसरे दिन 21 जून, रविवार को सुबह 7 बजे से योगा, कराटे, जुडो, बॉक्सिंग, किकबॉक्सिंग, मिक्स बॉक्सिंग, कुंग-फू, ताइक्वांडो, कुश्ती, शतरंज एवं कलारिपयट्टू जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

प्रतियोगिता अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 एवं ओपन वर्ग में विभिन्न आयु और वजन समूहों के आधार पर संपन्न कराई जाएगी। इस राष्ट्रीय चेम्पियनशिप में दिल्ली, हरियाणा, बिहार, उत्तरप्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओड़िसा, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, गुजरात, राजस्थान, मध्यप्रदेश एवं मेजबान छत्तीसगढ़ सहित लगभग 15 राज्यों के करीब 600 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी, कोच, जज, ऑफिसियल और मैनेजर शामिल होंगे।

व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं टीम गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को आकर्षक ट्रॉफी, मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा सभी कोच एवं ऑफिसियल को विशेष मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करने की भी तैयारी की गई है।

आयोजन को सफल एवं गरिमामय बनाने के लिए खिलाड़ियों के लिए स्वल्पाहार, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया का सहयोग भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

चेम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन दिसंबर 2026 में श्रीलंका में आयोजित होने वाली इंटरनेशनल प्रोफेशनल स्पोर्ट्स चेम्पियनशिप के लिए किया जाएगा।

उक्त जानकारी प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रशांत पाण्डेय द्वारा दी गई।

विज्ञापन

 

pithorawale
Author: pithorawale

विज्ञापन

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!