बलौदा स्कूल में “लक्ष्य महासमुंद” के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी शुरू
सरायपाली। जिला शिक्षा विभाग की महत्वाकांक्षी पहल “लक्ष्य महासमुंद” कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बलौदा में संकुल स्तरीय राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) तथा प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की विशेष तैयारी हेतु प्रत्येक शनिवार से नियमित रूप से विशेष कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।
विद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि सत्र 2025-26 में विद्यालय की दो छात्राओं कु. सिमरन बाघ एवं कु. रश्मिता बरिहा का चयन NMMSE छात्रवृत्ति परीक्षा में हुआ। इनकी सफलता से प्रेरित होकर इस वर्ष भी अधिकाधिक विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाने के उद्देश्य से विशेष तैयारी कराई जा रही है।
विशेष कक्षाओं का संचालन श्री प्रवीण कुमार प्रधान एवं श्री हेमसागर प्रधान द्वारा किया जा रहा है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति, टाइम मैनेजमेंट, कम समय में अधिक प्रश्न हल करने की तकनीक, गणित के प्रश्नों को ट्रिक के माध्यम से हल करने के सरल तरीके तथा मानसिक क्षमता (MAT) एवं शैक्षणिक अभिरुचि (SAT) से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर नियमित मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
विद्यालय के शिक्षक श्री अनिल कुमार खूंटे, फकीर चरण चौधरी, सुरेश विशाल एवं सुधीर सोना अपने-अपने विषयों से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्नों का नियमित अभ्यास कराते हुए विद्यार्थियों की अवधारणाओं को मजबूत बना रहे हैं।
विद्यालय के प्रधान पाठक रूपलाल मांझी के विशेष प्रयासों से प्रतियोगी परीक्षा कक्ष को डिजिटल स्वरूप प्रदान किया गया है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए प्रोजेक्टर, स्मार्ट टीवी एवं लैपटॉप की व्यवस्था की गई है, जिनके माध्यम से डिजिटल शैक्षणिक सामग्री, वीडियो लेक्चर, मॉडल टेस्ट एवं अभ्यास प्रश्नों का अध्ययन कराया जा रहा है।
संकुल केंद्र बलौदा के नोडल प्राचार्य ए. के. सतपथी एवं संकुल समन्वयक श्री हारून गार्डिया समय-समय पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच विकसित हो रही है।





















